सैलाना पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो नकली पुलिस बनकर लोगों से सोने के आभूषण ठगता था। इस गिरोह ने एक वृद्ध से 3 तोला सोने की चैन और अंगूठी ठग ली थी, जिसकी कीमत लगभग 3,60,000 रुपये है।
घटना का विवरण : दिनांक 22.10.2025 को फरियादी सुशील शर्मा द्वारा थाना सैलाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वे सुबह 9:00 बजे शंकर मंदिर, गोविंद कुंड (मोहल्ला जुनावास) दर्शन करने गए थे। दर्शन उपरांत जब वे मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे, तभी रुद्र पेट्रोल पंप के पहले दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रोककर अपने आपको पुलिसकर्मी बताते हुए आईडी कार्ड दिखाया। उक्त व्यक्तियों ने चेकिंग के बहाने फरियादी के गले की सोने की चैन व हाथ की अंगूठी उतरवाई और “सुरक्षा हेतु जांच” कहकर उन्हें कागज की पुड़िया में रख लिया। बाद में उन्होंने दूसरी पुड़िया फरियादी को देकर चले गए। फरियादी ने जब पुड़िया खोली तो उसमें नकली चैन व अंगूठी निकली।
पुलिस कार्यवाही का विवरण : पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार द्वारा तत्काल विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम शहर श्री राकेश खाखा एवं एसडीओपी सैलाना श्रीमती नीलम बघेल के मार्गदर्शन में थाना सैलाना की टीम ने अनुसंधान प्रारंभ किया। थाना प्रभारी श्रीमती पिंकी अजनार एवं निरीक्षक सुरेंद्र गडरिया के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा घटना स्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। पेट्रोल पंपों के कैमरों में दो संदिग्ध व्यक्तियों को मोटरसाइकिल पर जाते देखा गया। टीम ने उनका पीछा करते हुए जावरा से हुसैन टेकरी मार्ग तक ट्रेस किया।
आरोपियों की गिरफ्तारी : पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे मोटरसाइकिल से भागने लगे। पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर बदमाशों ने एक कागज की पुड़िया फेंकते हुए कहा — “हम तुम्हारा सामान लौटा रहे हैं, पीछा मत करो।” पुलिस द्वारा पुड़िया उठाकर जांच की गई जिसमें एक सोने की चैन और अंगूठी बरामद हुई। थाना लाकर फरियादी को बुलाया गया, जिन्होंने अपने सोने के आभूषणों की सुनिश्चित पहचान की।
जप्त मशरुका : एक सोने की चैन एवं अंगूठी कुल वजन: लगभग 3 तोला, अनुमानित मूल्य: ₹3,60,000/-
सराहनीय भूमिका : निरीक्षक श्रीमती पिंकी अजनार थाना प्रभारी सैलाना, निरीक्षक सुरेंद्र सिंह गडरिया, उनि आनंद बागवान, उनि वीरसिंह देवड़ा, प्रआर 918 नरेंद्र सिंह झाला, आर फकीरचंद, आर दिनेश पाटीदार, आर रंजीत सोलंकी।