अपराध रोकथाम में करे जन सहयोग : रतलाम पुलिस ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
Fri, Jan 9, 2026
रतलाम जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने और अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए पुलिस अधीक्षक (SP) श्री अमित कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। जिले में अराजकता फैलाने वालों और अवैध धंधों में लिप्त अपराधियों के खिलाफ अब
'जीरो टॉलरेंस'
की नीति अपनाई जाएगी।
असामाजिक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर :
पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में गश्त बढ़ाएं और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाएं। विशेष रूप से स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के बाहर बेवजह जमावड़ा लगाने वाले मजनुओं और अराजक तत्वों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। इसके अलावा जुआ, सट्टा, मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध शराब के निर्माण व बिक्री में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
जनता के सहयोग के लिए हेल्पलाइन नंबर 7049127232 जारी :
अपराध मुक्त जिला बनाने के संकल्प के साथ रतलाम पुलिस ने आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर
7049127232
जारी किया है।
इन विषयों पर दे सकते हैं सूचना:
स्कूल/कॉलेज के बाहर अवांछित जमावड़ा।
नशीले पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी।
जुआ और सट्टा खिलाने वाले गिरोह।
किसी भी प्रकार की अन्य अवैधानिक या संदिग्ध गतिविधि।
पहचान रहेगी गोपनीय:
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों को आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पता पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा। नागरिक बिना किसी डर के पुलिस के "आंख और कान" बनकर समाज को सुरक्षित बनाने में मदद कर सकते हैं।
एसपी की अपील: सुरक्षित समाज के लिए आगे आएं नागरिक :
पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार ने जिलावासियों से अपील की है कि वे शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों द्वारा दी गई एक छोटी सी सूचना किसी बड़ी वारदात को टालने और समाज को सुरक्षित बनाने में निर्णायक साबित हो सकती है।
एएसपी ने दी सख्त चेतावनी : चाइनीज मांझा बेचा या उपयोग किया तो होगी जेल : Video
Thu, Jan 8, 2026
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के मार्गदर्शन में रतलाम पुलिस द्वारा जिले में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के विरुद्ध व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को हाट रोड चौकी परिसर में आम नागरिकों को जागरूक करने हेतु एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
दुष्परिणामों के प्रति किया सजग :
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश खाखा ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए चाइनीज मांझे के गंभीर खतरों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि यह मांझा न केवल दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों के लिए जानलेवा है, बल्कि मासूम बच्चों और बेजुबान पक्षियों के लिए भी काल साबित होता है। उन्होंने अपील की कि पतंगबाजी के लिए केवल साधारण सूती (कॉटन) डोर का ही उपयोग करें।
विक्रय और भंडारण पर पूर्ण प्रतिबंध :
एएसपी श्री खाखा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि चाइनीज मांझे का विक्रय, भंडारण और उपयोग एक दंडनीय अपराध है। यदि कोई व्यापारी या व्यक्ति इसका उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का मुख्य उद्देश्य कार्रवाई करना नहीं, बल्कि दुर्घटनाओं को रोककर मानव जीवन और पक्षियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
ये रहे उपस्थित :
इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया, डीडी नगर थाना प्रभारी उप निरीक्षक अनुराग यादव, चौकी प्रभारी पंकज राजपूत सहित पुलिस स्टाफ और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। पुलिस ने नागरिकों से इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपेक्षा की है।
एसपी ने परखी शिकायतों की प्रगति : लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के आदेश
Wed, Dec 24, 2025
23 दिसंबर 2025
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक
अमित कुमार
ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे
36 आवेदकों
की समस्याओं को व्यक्तिगत रूप से सुना और उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
प्रकरणों की समीक्षा और फीडबैक
जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण)
विवेक कुमार लाल
ने न केवल नई शिकायतों को प्राप्त किया, बल्कि संबंधित थाना प्रभारियों से पुराने प्रकरणों में अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी भी ली। एसपी ने स्पष्ट किया कि केवल शिकायत दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उस पर हुई प्रगति से आवेदक को अवगत कराना भी अनिवार्य है।
पिछली शिकायतों की जांच
बैठक के दौरान एसपी द्वारा पिछली जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा,
"आमजन की शिकायतों का समय पर निराकरण पुलिस की प्राथमिकता है और यह प्रक्रिया निरंतर पारदर्शी तरीके से जारी रहेगी।"
ये अधिकारी रहे उपस्थित
जनसुनवाई के दौरान पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें शामिल हैं:
नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) श्री सत्येंद्र घनघोरिया
निरीक्षक: जितेंद्र सिंह जादौन, सत्येंद्र रघुवंशी, श्रीमती गायत्री सोनी, पतिराम डावरे, रेखा चौधरी, पार्वती गौड़
उप निरीक्षक: अनुराग यादव एवं अन्य पुलिस स्टाफ।