GMC में छात्राओं से छेड़छाड़ : बाइक सवार धक्का देकर फरार, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
Fri, Dec 12, 2025
रतलाम के मेडिकल कॉलेज परिसर में शनिवार देर शाम एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ की घटना से छात्रों में आक्रोश फैल गया। जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात बाइक सवार युवक कॉलेज कैंपस में घुस आया और पैदल चल रही छात्रा को पीछे से गलत तरीके से टच किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसे धक्का दिया और मौके से भाग निकला।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौके पर एकत्र हो गए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सामूहिक रूप से थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज करवाई। छात्राओं ने बताया कि कैंपस में गेट पर पर्याप्त सुरक्षा नहीं है, जिससे बाहरी लोग आसानी से प्रवेश कर लेते हैं।
छात्रों की मांग : कॉलेज कैंपस में सुरक्षा गार्ड बढ़ाए जाएं, मुख्य व पिछले गेटों पर उचित चेकिंग व्यवस्था हो, परिसर में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाए।
पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और कॉलेज परिसर तथा आसपास के कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही आरोपी की पहचान के लिए टीमें लगाई गई हैं। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को आश्वस्त किया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश जारी किए हैं।
‘मुस्कान अभियान’ : महिला सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
Tue, Nov 18, 2025
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में प्रदेशभर में 1 से 30 नवम्बर तक चल रहे मुस्कान विशेष अभियान के तहत रतलाम पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी है। अभियान का उद्देश्य गुम हुई बालिकाओं की दस्तयाबी, महिलाओं-बालिकाओं से जुड़े अपराधों की रोकथाम तथा विद्यार्थियों में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाना है।
इसी क्रम में मंगलवार को थाना औद्योगिक क्षेत्र रतलाम द्वारा रतलाम पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा, नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया और यातायात डीएसपी आनंद स्वरूप सोनी ने बच्चों से संवाद किया। अधिकारियों ने महिला सुरक्षा, साइबर सतर्कता और व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
वहीं नवोदय विद्यालय आलोट में एएसपी विवेक कुमार लाल, एसडीओपी पल्लवी गौर और थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, हेल्पलाइन सेवाओं और कानूनों के बारे में जागरूक किया।
इसी तरह डीएसपी अनीशा जैन द्वारा एकीकृत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ग्राम भामट में आयोजित कार्यक्रम में मुस्कान अभियान की जानकारी दी गई और छात्र-छात्राओं को सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रमों में विशेष रूप से महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़े कानून, गुड टच–बैड टच, बाल अधिकार एवं व्यक्तिगत सुरक्षा साइबर क्राइम से बचाव, ऑनलाइन फ्रॉड, साइबर बुलिंग, मोबाइल गेमिंग व सोशल मीडिया सुरक्षा और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर (1098, 1090, 112) जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
अधिकारियों ने बच्चों की शंकाओं का समाधान करते हुए उन्हें आत्मविश्वास, जागरूकता और तुरंत पुलिस सहायता लेने का संदेश दिया। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में ऐसे कार्यक्रम पूरे माह निरंतर आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक बच्चों व अभिभावकों तक सुरक्षा संबंधी जानकारी पहुंच सके।
एसपी का आकस्मिक निरीक्षण : रात्रि गश्त पर विशेष जोर, दो पुलिस कर्मी पुरस्कृत
Tue, Nov 18, 2025
पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार ने मंगलवार शाम आकस्मिक रूप से थाना स्टेशन रोड का निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था, रात्रि गश्त एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह जादौन सहित स्टाफ से चर्चा कर कानून व्यवस्था की स्थिति और अपराधों के निराकरण की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने हवालात, शस्त्रागार, रिकॉर्ड रूम, एफआईआर रजिस्टर व अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया। ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों से रजिस्टर संधारण एवं रिकॉर्ड में पारदर्शिता रखने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस कर्मचारियों की समस्याएँ भी सुनीं और मौके पर ही समाधान किया।
रात्रि गश्त में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश : एसपी अमित कुमार ने थाना प्रभारी सहित पूरे पुलिस बल को रात्रि गश्त में सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए। शीत ऋतु को देखते हुए गश्त के दौरान गर्म कपड़े पहनने, सर्च लाइट के उपयोग और पूरे क्षेत्र में लगातार मोबाइल गश्त बनाए रखने पर जोर दिया।
अपराध निराकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर दो पुलिसकर्मी सम्मानित : लंबित अपराधों के त्वरित और प्रभावी निराकरण के लिए एसपी ने सउनि देवेंद्र सेंगर और प्रधान आरक्षक कृष्णपाल को 500-500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया।
हवालात और बंदियों की व्यवस्था का निरीक्षण : निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने हवालात की साफ-सफाई, सुरक्षा मानकों, बंदियों के भोजन-पानी की व्यवस्था की भी समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से लेने के निर्देश : एसपी ने कहा कि थाना आने वाले प्रत्येक फरियादी से अच्छा व्यवहार किया जाए और उनकी शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित हो। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के बेहतर समाधान करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को भी पुरस्कृत करने की घोषणा की।