पश्चिम रेलवे : मुकेश कुमार ने संभाला जनसंपर्क अधिकारी इंदौर का कार्यभार
Wed, Dec 24, 2025
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क विभाग में श्री मुकेश कुमार ने जनसंपर्क अधिकारी, इंदौर के रूप में 23 दिसंबर 2025 को पदभार ग्रहण किया।
श्री मुकेश कुमार इससे पूर्व रतलाम मंडल कार्यालय में मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक के पद पर कार्यरत थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने जनसंपर्क गतिविधियों के प्रभावी संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वर्तमान में जनसंपर्क अधिकारी, इंदौर के पद पर पदस्थ श्री खेमराज मीना का स्थानांतरण अहमदाबाद किया गया है, जहां वे निर्माण विभाग में जनसंपर्क अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।
जनसुनवाई में 125 आवेदन : प्रधानमंत्री आवास, सड़क निर्माण और भूमि रिकॉर्ड छाए
Wed, Dec 17, 2025
कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं को लेकर 125 आवेदन प्राप्त हुए। जनसुनवाई कलेक्टर सभाकक्ष में संपन्न हुई, जिसमें सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन एवं अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने आवेदकों से सीधे आवेदन लेकर उनकी समस्याएं सुनीं।
जनसुनवाई के दौरान निराकरण योग्य आवेदनों का मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से निराकरण कराया गया, जबकि शेष आवेदनों के समय-सीमा में निराकरण हेतु संबंधित विभाग प्रमुखों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में ग्राम बाजेडा निवासी तेजालाल पिता तुलसीराम ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत मकान की तीसरी किश्त का भुगतान नहीं होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि मकान निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है, इसके बावजूद राशि प्राप्त नहीं हुई। मामले में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में होमगार्ड कॉलोनी रतलाम निवासी पदमा पति हेमंत मालवीय ने शासकीय भूमि पर वर्षों से बने उनके आवास के पट्टे संबंधी आवेदन पर कार्यवाही की मांग की, जिस पर संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया गया।
ग्राम परनाला पोस्ट छावनी झोड़िया निवासी जीवन पिता दोला ने अपने पुत्र की कुएं में डूबने से हुई आकस्मिक मृत्यु पर शासन की योजना के अंतर्गत आर्थिक सहायता राशि दिलाए जाने का आवेदन दिया। इस संबंध में तहसीलदार सैलाना को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
वहीं ग्राम गोठड़ा, तहसील जावरा के ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत बन रही सीसी रोड की ऊंचाई अधिक होने से बारिश के दौरान जलभराव की समस्या बताते हुए सड़क के दोनों ओर नाली निर्माण की मांग की। इस पर संबंधित विभाग को निर्देश जारी किए गए।
इसके अलावा ग्राम ढोढर के ग्रामीणों ने भूमि रिकॉर्ड दुरुस्ती एवं नक्शा सुधार को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर संबंधित नायब तहसीलदार को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
एसपी द्वारा परेड निरीक्षण : दरबार लगाकर सुनी समस्याएँ, तत्काल समाधान के निर्देश
Sat, Nov 22, 2025
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड पर भव्य जनरल परेड का आयोजन किया गया। परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक मोहन भार्रावत के नेतृत्व में परेड दल ने अनुशासनपूर्ण मार्च कर एसपी को विधिवत सलामी दी।
एसपी ने परेड का निरीक्षण करते हुए उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों की वेशभूषा, अनुशासन और टर्नआउट का अवलोकन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को मौके पर पुरस्कृत किया गया। एसपी ने कहा पुलिसिंग में अनुशासन सर्वोपरि है। जनरल परेड, पुलिस बल को शारीरिक रूप से फिट और कर्तव्यनिष्ठ बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है।
पुलिस लाइन एवं रक्षित केंद्र का विस्तृत निरीक्षण :
परेड के बाद एसपी अमित कुमार ने रक्षित केंद्र पहुँचकर रोजनामचा, शस्त्र शाखा, वाहन शाखा तथा स्टोर शाखा का निरीक्षण किया। उन्होंने रिकॉर्ड संधारण, संसाधन प्रबंधन एवं कार्य पद्धति में और सुधार लाने के निर्देश दिए।
एसपी ने पुलिस लाइन के आवासीय परिसर, निर्माणाधीन कार्यों और सुधार कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर इन्हें निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए निर्देशित किया।
दरबार में सुनी समस्याएँ, तत्काल दिए समाधान के निर्देश :
पुलिस अधीक्षक द्वारा निरीक्षण के उपरांत पुलिस दरबार आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याओं को सीधे सुना गया। एसपी ने 5 प्रमुख मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए :
1/पुलिस लाइन में महिला बैरक निर्माण
2/सभी थानों पर महिला शौचालय की व्यवस्था
3/आवास संबंधी समस्याओं का शीघ्र निराकरण
4/पेट्रोल भत्ता, टीए/डीए का समय पर भुगतान
5/PHPS योजना के तहत उपचार संबंधी जटिलताओं को वरिष्ठ स्तर पर भेजने के निर्देश
एसपी ने स्पष्ट कहा कि पुलिसकर्मियों का मनोबल बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।